Motherhood University
Enlightening World

MHU News & Events Feed

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री जी की 122वीं जयंती के पावन अवसर पर मदरहुड विश्वविद्यालय में  गरिमापूर्ण कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
मदरहुड विश्वविद्यालय के  कुलपति प्रो० (डॉ०) नरेंद्र शर्मा के दिशा-निर्देशन में इस अवसर पर स्वच्छता की शपथ, नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैली, एवं पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा आह्वानित ‘स्वच्छता ही सेवा’ शपथ ग्रहण समारोह से हुआ। विश्वविद्यालय के प्रशासनिक भवन के प्रांगण में माननीय कुलपति महोदय ने समस्त अधिकारियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण के पश्चात सर्वप्रथम विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति महोदय द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
पूरे परिसर में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। पुष्पांजलि के तुरंत बाद विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा स्वच्छता संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया, जिसकी सभी ने सराहना की।
अपने संबोधन में कुलपति महोदय ने कहा, “लाल बहादुर शास्त्री जी सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की प्रतिमूर्ति थे। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का उद्घोष आज भी भारत की शक्ति का मूल मंत्र है। दोनों महान विभूतियों के जीवन से हमें सत्य, अहिंसा और राष्ट्रभक्ति की सीख लेनी चाहिए।” इसके बाद मुख्य द्वार से लेकर शैक्षणिक ब्लॉक, पुस्तकालय, छात्रावास और परीक्षा भवन के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कुलसचिव श्री अजय गोपाल शर्मा ने बताया कि “विश्वविद्यालय गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है।“
इस अवसर पर छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रोफेसर (डॉ.) नीरज मलिक ने कहा कि “महात्मा गांधी जी ने कहा था – स्वच्छता स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण है। यदि हमारा परिसर स्वच्छ होगा तो हमारा मन और विचार भी स्वच्छ होंगे। आज के समय यह अभियान इसलिए महत्वपूर्ण है ताकि विद्यार्थी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें।”
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के,  समस्त संकायों के अधिष्ठाता गण, सभी विभागों के विभागाध्यक्ष, परीक्षा नियंत्रक, चीफ प्रॉक्टर, शिक्षकगण, गैर-शैक्षणिक कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।